बिहार के मधुबनी जिले में एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। DJ पर गाना बदलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मार दी गई।
NEWS SAGA DESK
बिहार के मधुबनी जिले में एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। DJ पर गाना बदलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद एक युवक को गोली मार दी गई। गोली युवक के गले में लगी और शरीर को पार करते हुए बाहर निकल गई। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और पूरे गांव में दहशत फैल गई।
यह वारदात अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के पसटन गांव की है। घायल युवक की पहचान गांव के ही श्रवण कुमार साहू के 26 वर्षीय बेटे शिवम कुमार साहू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव में महादेव पूजा का आयोजन किया गया था, जो तीन दिन पहले संपन्न हुआ था। इसी अवसर पर बीती रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था।
कार्यक्रम के दौरान DJ पर बज रहे गाने को बदलने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तथा गोलीबारी तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने शिवम पर गोली चला दी। गोली लगते ही शिवम मौके पर गिर पड़ा और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया। फिलहाल शिवम का इलाज जारी है।
No Comment! Be the first one.