गुमला की नाबालिग को काम दिलाने के बहाने राजस्थान में 20 हजार में बेचा, 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन कराई शादी

झारखंड के गुमला में मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेच दिया गया और 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन शादी कराई गई। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

News Saga Desk

झारखंड के गुमला जिले से मानव तस्करी और नाबालिग के यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिशुनपुर प्रखंड की एक किशोरी को काम दिलाने का झांसा देकर पहले दिल्ली ले जाया गया और फिर राजस्थान में 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। आरोप है कि वहां उसकी शादी 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति से जबरन करा दी गई। इसके बाद उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया और लगातार यौन शोषण व मारपीट की गई। किसी तरह मौका मिलने पर किशोरी वहां से भाग निकली और अपने घर गुमला पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई तेज कर दी है।

जुलाई में काम के बहाने दिल्ली ले गई थी महिला

पीड़िता के अनुसार, इसी साल जुलाई में गांव की जतरी उरांव उसे काम दिलाने का भरोसा देकर दिल्ली ले गई थी। वहां उसे सुनीता लोहरा नाम की महिला को सौंप दिया गया। आरोप है कि कुछ दिनों बाद सुनीता उसे राजस्थान लेकर पहुंची और वहां एक 50 वर्षीय व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करा दी।

पीड़िता का कहना है कि शादी के दौरान मेहमानों को भी बुलाया गया था। बाकायदा शादी की रस्में पूरी की गईं और मुंह दिखाई की रस्म भी हुई। आरोप है कि इस सौदे के बदले सुनीता लोहरा को 20 हजार रुपये मिले थे।

घर में कैद कर रखता था अधेड़, विरोध करने पर करता था मारपीट

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी कराने के बाद सुनीता लोहरा वहां से चली गई। इसके बाद अधेड़ व्यक्ति उसे अपने घर में कैद करके रखने लगा। वह चिकन की दुकान चलाता था और दुकान जाने के दौरान किशोरी को घर में बंद कर देता था।

आरोप है कि देर रात घर लौटने के बाद वह उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर मारपीट भी करता था। इस तरह किशोरी लगातार भय और प्रताड़ना के माहौल में रहने को मजबूर थी।

दो हजार रुपये लेकर राजस्थान से भागी किशोरी

पीड़िता के अनुसार, एक दिन अधेड़ व्यक्ति सामान्य दिनों से पहले घर लौट आया और सो गया। इस दौरान वह दरवाजा बंद करना भूल गया। किशोरी ने इसे भागने का मौका समझा और घर से निकल गई।

वह मुंह दिखाई की रस्म में मिले दो हजार रुपये अपने साथ लेकर राजस्थान से दिल्ली पहुंची। इसके बाद दिल्ली से रांची और फिर किसी तरह अपने गांव गुमला लौट आई। घर पहुंचकर उसने परिजनों को अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के साथ बिशुनपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने शुरू की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया

मामले का खुलासा होने के बाद सोमवार को पुलिस ने पीड़ित परिवार को थाने बुलाया और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने पहले भी मामले की जांच करने की बात कही थी।

इधर, मानव तस्करी की आरोपी महिला सुनीता लोहरा के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी के बाद मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

राजस्थान में जबरन शादी कराने वाले आरोपी की भी तलाश

पुलिस अब उस 50 वर्षीय व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिस पर किशोरी को खरीदने, जबरन शादी कराने, बंधक बनाकर रखने और यौन शोषण करने के आरोप हैं। मामले की जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर झारखंड में मानव तस्करी की गंभीर चुनौती को सामने लाती है। रोजगार का झांसा देकर युवतियों और किशोरियों को दूसरे राज्यों में ले जाने तथा उनका शोषण करने के ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों की सुरक्षा बेहद जरूरी है।

Read More News

गुमला की नाबालिग को काम दिलाने के बहाने राजस्थान में 20 हजार में बेचा, 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन कराई शादी

झारखंड के गुमला में मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर...

Read More