सर्दियों में धूप सेंकते वक्त भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, स्किन और सेहत को हो सकता है नुकसान

NEWS SAGA DESK

सर्दियों में धूप सेंकना किसे पसंद नहीं, लेकिन बिना सावधानी के घंटों धूप में बैठना आपकी स्किन, आंखों और सेहत के लिए भारी पड़ सकता है। जानें धूप सेंकने से जुड़ी 5 बड़ी गलतियां और सही तरीका।

सर्दियों की सुबह हो और हल्की-हल्की धूप निकल रही हो, तो भला किसका मन नहीं करेगा कि थोड़ी देर छत या बालकनी में बैठकर इसका मजा लिया जाए। कई लोग तो सुबह की चाय लेकर धूप में बैठ जाते हैं, तो कुछ न्यूज पेपर पढ़ते हुए या मोबाइल चलाते हुए अपना काफी समय वहीं बिता देते हैं। ठंड के दिनों में धूप सेंकने से शरीर को गर्माहट तो मिलती ही है, साथ ही इससे शरीर को विटामिन-डी बनाने में भी मदद मिलती है। लेकिन जरा सोचिए, जिस धूप को आप सेहत के लिए अच्छा समझकर रोज सेंक रहे हैं, वही आपकी कुछ छोटी-छोटी गलतियों की वजह से नुकसान भी पहुंचा सकती है।

दरअसल, बहुत से लोगों को लगता है कि सर्दियों में धूप इतनी तेज नहीं होती कि इससे स्किन को कोई नुकसान हो। इसी सोच के चलते वे बिना किसी प्रिकॉशन के घंटों धूप में बैठे रहते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो थोड़ा संभलने की जरूरत है। धूप सेंकते समय की गई ये 5 गलतियां आपकी स्किन और आंखों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं। आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।

1. घंटों तक लगातार धूप में बैठे रहना

सर्दियों में धूप इतनी अच्छी लगती है कि कई बार लोगों का उठने का मन ही नहीं करता। खासकर छुट्टी वाले दिन लोग चाय या न्यूज पेपर लेकर छत और बालकनी में बैठ जाते हैं और घंटों वहीं बिताते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ज्यादा देर तक धूप में बैठे रहने से आपकी स्किन को नुकसान हो सकता है? सूरज की किरणों में मौजूद यूवी (UV) रेज स्किन पर बुरा असर डालती हैं। इनके ज्यादा कॉन्टैक्ट में रहने से स्किन लाल होने, जलन और टैनिंग जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए धूप अच्छी लग रही हो, तब भी लगातार घंटों न बैठे रहें, बीच-बीच में छांव में चले जाएं।

2. सर्दियों में सनस्क्रीन न लगाना

गर्मियों में तो ज्यादातर लोग घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना नहीं भूलते, लेकिन सर्दियां आते ही इसे लगाना बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि ठंड के मौसम में धूप इतनी तेज नहीं होती कि इससे स्किन को नुकसान पहुंचे, लेकिन ऐसा नहीं है। सर्दियों की धूप में भी यूवी किरणें मौजूद होती हैं। ऐसे में अगर आप छत या बालकनी में बैठकर काफी देर तक धूप सेंकते हैं, तो चेहरे, गर्दन और हाथों पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें। इसके लिए SPF 30 या उससे ज्यादा वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन इस्तेमाल किया जा सकता है।

3. धूप में बैठकर सीधे सूरज की तरफ देखना

कुछ लोगों को सर्दियों में धूप सेंकते समय अपना चेहरा सीधे सूरज की तरफ करके बैठना अच्छा लगता है। कई बार वे आंखें बंद करके भी काफी देर तक ऐसे ही बैठे रहते हैं। लेकिन ऐसा करना आपकी आंखों के लिए बिल्कुल ठीक नहीं है। सूरज की तेज रोशनी और उससे निकलने वाली यूवी किरणें आंखों के नाजुक ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। धूप सेंकते समय कभी भी सीधे सूरज की तरफ न देखें। अगर आपके घर की छत या बालकनी में तेज धूप आती है, तो बाहर बैठते समय यूवी प्रोटेक्शन वाला सनग्लास (धूप का चश्मा) जरूर पहनें।

4. धूप सेंकते समय पर्याप्त पानी न पीना

गर्मियों में लोग बार-बार पानी पीते हैं, लेकिन सर्दियों में प्यास कम लगने के कारण वे पानी पीना भूल जाते हैं। खासकर जब लोग छत या बालकनी में बैठकर चाय की चुस्कियां ले रहे होते हैं या मोबाइल चला रहे होते हैं, तो उन्हें पानी का ध्यान ही नहीं रहता। ठंड के दिनों में प्यास कम लगने का मतलब यह नहीं है कि शरीर को पानी की जरूरत नहीं है। धूप में ज्यादा देर तक बैठे रहने से हल्का पसीना भी आ सकता है, जिससे शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो सकती है। इससे सिरदर्द, थकान और चक्कर आने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसलिए अपने पास पानी की बोतल जरूर रखें और बीच-बीच में पानी पीते रहें।

5. शरीर के खुले हिस्सों की अनदेखी करना

सर्दियों में धूप सेंकते समय कई लोग अपने हाथ, पैर और चेहरे को पूरी तरह खुला रखते हैं। उन्हें लगता है कि शरीर पर जितनी ज्यादा धूप पड़ेगी, उतना ही फायदा होगा। लेकिन जिनकी स्किन सेंसिटिव होती है, उन्हें ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। ज्यादा देर तक खुला रखने से हाथ-पैर की स्किन पर टैनिंग और सनबर्न की समस्या हो सकती है। इसलिए जरूरत पड़ने पर हल्के कपड़े पहनें या धूप तेज होने पर टोपी का इस्तेमाल करें।

सर्दियों में धूप सेंकने का सही तरीका क्या है?

सर्दियों में धूप सेंकने के लिए कोई एक निश्चित समय तय नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस जगह रहते हैं और वहां धूप कितनी तेज निकलती है। इसके अलावा, हर व्यक्ति की स्किन का टाइप अलग होता है। सिर्फ ज्यादा देर तक धूप में बैठे रहने से ही शरीर में विटामिन-डी की कमी पूरी हो जाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है। यदि आपको लगता है कि आपके शरीर में विटामिन डी की कमी है, तो इसकी जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह लें।

Read More News

गिरिडीह में 28 जनवरी से सजेगा कलाकारों का महाकुंभ, राष्ट्रीय नाटक-नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन

गिरिडीह में 28 जनवरी से 26वीं अखिल भारतीय बहुभाषी नाटक-नृत्य प्रतियोगिता शुरू होने जा रही है। जानें...

दीपावली बाजार में ग्रीन पटाखों की भारी मांग: रांची के 5 क्लस्टरों में सजी दुकानें, ड्रोन बम और स्काई शॉट्स बने मुख्य आकर्षण

प्रकाश पर्व दीपावली को लेकर राजधानी रांची के पटाखा बाजारों में रौनक और चहल-पहल काफी बढ़ गई...

राजधनवार यूको बैंक लूटकांड: झारखंड-बिहार के अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, 3 से 4 करोड़ के सोना और कैश की लूट में ‘संथाल’ तक पहुंची पुलिस

झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में हुई 3 से 4 करोड़ रुपये के सोना और लगभग 10...

Read More