दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही झारखंड में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने की तैयारी तेज हो गई है। त्योहार के दौरान शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।
NEWS SAGA DESK
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही झारखंड में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने की तैयारी तेज हो गई है। त्योहार के दौरान शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग ने नकली शराब बनाने, उसकी तस्करी करने और अवैध रूप से स्टॉक रखने वालों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है। इसके तहत अलग-अलग जिलों में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
नकली शराब बेचने वालों पर रहेगी नजर
विभाग की कार्रवाई केवल अवैध शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। शराब दुकानों की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों की टीमें यह पता लगाएंगी कि दुकानदार निर्धारित नियमों के अनुसार शराब बेच रहे हैं या नहीं। बिना होलोग्राम वाली शराब की बिक्री और बोतलों पर अंकित MRP से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान नकली और मिलावटी शराब की बिक्री रोकना और अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
दोषियों को भेजा जाएगा जेल
उत्पाद एवं आबकारी विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने साफ कहा है कि नकली शराब बनाने, बेचने, जमा करने और तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी। इसमें शराब की जब्ती, जुर्माना और जेल भेजने तक का प्रावधान है। मंत्री ने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। त्योहार के दौरान शराब के निर्माण से लेकर उसकी बिक्री तक हर स्तर पर नजर रखी जाएगी।
No Comment! Be the first one.