राजधनवार यूको बैंक लूटकांड: झारखंड-बिहार के अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, 3 से 4 करोड़ के सोना और कैश की लूट में ‘संथाल’ तक पहुंची पुलिस

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में हुई 3 से 4 करोड़ रुपये के सोना और लगभग 10 लाख रुपये नकद की भारी-भरकम लूट की घटना में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस दुस्साहसिक वारदात को झारखंड और बिहार के कुख्यात अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस की शुरुआती जांच और पकड़े गए एक अपराधी से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे बैंक डकैती कांड में एक पल्सर और एक अपाची समेत कुल तीन बाइकों का इस्तेमाल किया गया था, जिन पर सवार होकर कुल सात अपराधी पहुंचे थे।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक लूटने वाले इन सात अपराधियों में से दो आरोपी गिरिडीह जिले के बेंगाबाद के रहने वाले हैं, दो अपराधी देवघर जिले से ताल्लुक रखते हैं, जबकि शेष तीन अपराधी पड़ोसी राज्य बिहार के वैशाली और उसके आसपास के इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं। इस बहुचर्चित मामले में गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व वाली विशेष टीम को एक अपराधी को धर दबोचने में बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार किया गया यह अपराधी संथाल परगना क्षेत्र के देवघर का रहने वाला है, जिसने पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग दिए हैं।

जंगल से लेकर गांव तक घंटों चला सर्च ऑपरेशन

घटना के तुरंत बाद भागने के क्रम में सतर्क पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंशीडीह के पास से एक अपराधी को दबोच लिया था, हालांकि उसका एक अन्य साथी वहां से भागने में सफल रहा। मौके से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइकें भी जब्त कर लीं। खोरी महुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार की अगुवाई में हुई गहन पूछताछ के बाद सभी आरोपियों का डाटा पुलिस के हाथ लग गया। फरार साथी की तलाश में बंशीडीह और आसपास के जंगलों व सुनसान इलाकों की घेराबंदी कर लगभग 8 से 10 घंटे तक व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।

देवघर कनेक्शन आया सामने, मधुपुर डकैती से भी जुड़ा है तार

लूटकांड में देवघर का कनेक्शन सामने आने के बाद गिरिडीह एसपी ने एक विशेष टीम गठित कर उसे तुरंत देवघर रवाना किया। रात भर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस जांच में यह भी चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इस बैंक डाकाकांड में शामिल बेंगाबाद के दो अपराधियों में से एक की पहचान रॉकी और दूसरे की चीकू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह वही रॉकी है जो अक्टूबर 2025 में देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना में हुई डकैती के मामले में भी वांछित था और पुलिस के रडार पर रहा था।

डीआईजी और एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बता दें कि गुरुवार दोपहर राजधनवार स्थित यूको बैंक शाखा में हेलमेट और नकाब पहने पांच अपराधी अचानक घुस आए थे और उन्होंने बैंक प्रबंधक, अन्य कर्मियों तथा ग्राहकों को बंधक बनाकर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही देर शाम हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और हालात की समीक्षा की।

Read More News

राजधनवार यूको बैंक लूटकांड: झारखंड-बिहार के अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, 3 से 4 करोड़ के सोना और कैश की लूट में ‘संथाल’ तक पहुंची पुलिस

झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार स्थित यूको बैंक में हुई 3 से 4 करोड़ रुपये के सोना और लगभग 10...

“राहुल गांधी इशारा करें तो 40 लाख युवा भारत को नेपाल-बांग्लादेश बनाने को तैयार”: झारखंड मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर भारी सियासी बवाल

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एक बेहद विवादित बयान से राज्य और देश की राजनीति में...

Read More