कार्तिक पूर्णिमा पर सामा-चकेवा की विदाई, लोकगीतों से गूंज रहे मिथिला और कोसी के गांव

कार्तिक पूर्णिमा पर मिथिला और कोसी में सामा-चकेवा पर्व का समापन होगा। बहनें पारंपरिक लोकगीतों और पूजा के साथ भाइयों की दीर्घायु की कामना करेंगी।

News Saga Desk

पटना। मिथिला और कोसी क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति तथा भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व मंगलवार की रात कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होगा। पर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तैयारियां चल रही हैं। महिलाएं और युवतियां मिट्टी से सामा, चकेवा, चुगला, वृंदावन, चिरौंता, टिहुली और हंस सहित विभिन्न आकृतियों की प्रतिमाएं बनाकर उन्हें सजाने में जुटी हैं।

लोकगीतों से गुलजार गांवों के आंगन

सामा-चकेवा पर्व छठ पूजा के बाद शुरू होकर कार्तिक पूर्णिमा तक मनाया जाता है। इस दौरान महिलाएं शाम के समय समूह में एकत्र होकर मिट्टी की प्रतिमाओं को सजाती हैं और पारंपरिक लोकगीत गाती हैं। इन गीतों के माध्यम से भाई-बहन के प्रेम, पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक जीवन की झलक देखने को मिलती है। गांवों के आंगन में सामा-चकेवा के गीतों की गूंज से उत्सवी माहौल बना हुआ है।

भाई की दीर्घायु की कामना से जुड़ी है परंपरा

लोक मान्यता के अनुसार, सामा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री थीं। झूठे आरोप के कारण भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें पक्षी बनने का शाप दे दिया था। सामा के पति चकेवा भी उनके साथ पक्षी रूप में रहने लगे। बाद में सामा के भाई ने तपस्या कर उन्हें शाप से मुक्त कराया। इसी मान्यता के आधार पर बहनें अपने भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए यह पर्व मनाती हैं।

प्रसिद्ध लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के गीत सामा-चकेवा पर्व की रौनक बढ़ा रहे हैं। ‘सामा खेले गेली’ और ‘चुगला करे चुगली’ जैसे पारंपरिक गीत गांवों में लोक संस्कृति की मिठास घोल रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा की रात होगी सामा-चकेवा की विदाई

कार्तिक पूर्णिमा की रात सामा-चकेवा की प्रतिमाओं को पारंपरिक विधि-विधान से विदाई दी जाएगी। इस अवसर पर बहनें भाइयों के साथ विभिन्न रस्में निभाकर उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करेंगी। आधुनिकता के दौर में भी यह पर्व मिथिला और कोसी की सांस्कृतिक पहचान, पारिवारिक आत्मीयता और लोक परंपराओं को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखे हुए है।

Read More News

सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की वैवाहिक समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, नवदंपती को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को धनबाद जिले के चिटाही...

Read More