शादी का मौसम शुरू होते ही घरों में मेहमानों के स्वागत से लेकर दावत की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में भी खरीदारी बढ़ने लगी है। लेकिन इस बार शादी वाले परिवारों के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट से भले ही थोड़ी राहत मिली हो
NEWS SAGA DESK
शादी का मौसम शुरू होते ही घरों में मेहमानों के स्वागत से लेकर दावत की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजारों में भी खरीदारी बढ़ने लगी है। लेकिन इस बार शादी वाले परिवारों के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है। सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट से भले ही थोड़ी राहत मिली हो, लेकिन रसोई का बजट लगातार बढ़ रहा है। रांची के खुदरा बाजार में सरसों तेल, दाल, चावल, मसालों के साथ दूध, दही और पनीर भी महंगे हो गए हैं।
सरसों तेल 250 रुपये के पार, राशन भी महंगा
खुदरा बाजार में सरसों तेल की कीमत 228 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि इंजन ब्रांड तेल 250 रुपये प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है। कारोबारियों के अनुसार, पिछले एक महीने में तेल की कीमतों में 30 से 40 रुपये से अधिक की वृद्धि हुई है। इसके अलावा आटे के भाव में प्रति किलो 2 से 5 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हल्दी की कीमत भी करीब 30 से 40 रुपये बढ़कर 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। चावल और दालों के दाम में भी तेजी का असर दिखाई दे रहा है।
दूध, दही और पनीर ने बढ़ाया खर्च
शादी के भोज में मिठाई, नाश्ते और पनीर की सब्जी की मांग अधिक रहती है। ऐसे में डेयरी उत्पादों की बढ़ती कीमतें भी परिवारों की चिंता बढ़ा रही हैं। अमूल दूध 64 रुपये से बढ़कर 67-68 रुपये प्रति लीटर हो गया है। 380 ग्राम दही का पैकेट 37 रुपये और एक किलो का पैकेट 85 रुपये में मिल रहा है। वहीं, अमूल के 200 ग्राम पनीर की कीमत 92 से बढ़कर 99 रुपये हो गई है। इसी वजन का सुधा पनीर 95 रुपये और मेधा पनीर 90 रुपये में उपलब्ध है।
शादी की दावत पर बढ़ेगा बजट
शादी में कई दिनों तक मेहमानों के भोजन, चाय-नाश्ते और मिठाई की व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे में खाद्य सामग्री की कीमतों में मामूली बढ़ोतरी भी कुल खर्च को काफी बढ़ा देती है। परिवारों के सामने अब सीमित बजट में शादी की तैयारियां पूरी करने की चुनौती है। सोना-चांदी में राहत के बावजूद रसोई की महंगाई ने शादी की खुशियों के बीच खर्च की चिंता बढ़ा दी है।
No Comment! Be the first one.