एमएसपी कानून और कर्ज माफी की मांग पर 26 नवंबर को आंदोलन, गिरिडीह में किसान महासभा की बैठक

गिरिडीह में किसान महासभा की बैठक में एमएसपी कानून, कर्ज माफी, धान क्रय केंद्र और प्रदूषण से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग उठी।

News Saga Desk

गिरिडीह। अखिल भारतीय किसान महासभा के केंद्रीय आह्वान पर 24 नवंबर को गिरिडीह स्थित जिला कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किसान नेता पूरन महतो ने की। इस दौरान 26 नवंबर को राजभवन के समक्ष प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं से जुड़े चार प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनी।

इन चार प्रमुख मुद्दों पर होगा आंदोलन

  • न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, किसानों की कर्ज माफी और बढ़े हुए बिजली बिल को वापस लेने की मांग।
  • गिरिडीह सहित झारखंड की प्रत्येक पंचायत में धान क्रय केंद्र खोलने और किसानों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग।
  • औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने और क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाने की मांग।
  • भूमि अधिग्रहण, हाथियों के उत्पात और किसानों की अन्य स्थानीय समस्याओं का समाधान।

किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप

भाकपा माले के जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,550 रुपये घोषित किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं, किसान नेता पूरन महतो ने गढ़वा में बांध निर्माण के नाम पर किसानों की जमीन लिए जाने का मुद्दा उठाया।

हाथी के हमले में मौत पर 25 लाख मुआवजे की मांग

किसान नेता अरुण कुमार विद्यार्थी और माले नेता मुस्तकीम अंसारी ने झारखंड के विभिन्न जिलों में हाथियों के उत्पात से हो रहे जान-माल के नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने हाथी के हमले में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

औद्योगिक प्रदूषण से प्रभावित किसानों को मिले मुआवजा

माले नेता राजेश सिन्हा और कन्हाई पांडेय ने आरोप लगाया कि गिरिडीह के औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियों से निकलने वाले प्रदूषण के कारण आसपास की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

बैठक में अरुण कुमार विद्यार्थी, गुरदीप कुमारी, भिखारी राय, भीम कोल, हुबलाल राय, नागेश्वर महतो, कैलाश पांडेय, मुन्ना राणा, नौशाद अंसारी और कुंदन महतो सहित कई किसान नेता उपस्थित थे।

Read More News

सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की वैवाहिक समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, नवदंपती को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को धनबाद जिले के चिटाही...

Read More