झारखंड के पाकुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर नहर के पास गुरुवार को एक खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
NEWS SAGA DESK
झारखंड के पाकुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर नहर के पास गुरुवार को एक खाली ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर खाली था और खेत से कटा हुआ धान लाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रानीपुर नहर के पास अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि उस पर सवार लोग ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दुर्घटना में चरण मरांडी और विभीषण मरांडी की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल व्यक्ति को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे की खबर जैसे ही करणघाटी गांव पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही दुर्घटना में दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
No Comment! Be the first one.