बिहार की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है! पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से ऐसा झटका लगा है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। 1994 के चर्चित IAS अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का आदेश रद्द कर दिया है।
NEWS SAGA DESK
बिहार की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है! पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से ऐसा झटका लगा है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। 1994 के चर्चित IAS अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का आदेश रद्द कर दिया है। इतना ही नहीं, अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है। यानी करीब साढ़े तीन साल पहले जेल से बाहर आए आनंद मोहन को अब दोबारा जेल लौटना पड़ सकता है।
दरअसल, गुरुवार यानी 26 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह अहम फैसला सुनाया। अदालत ने बिहार सरकार की ओर से अप्रैल 2023 में जेल मैनुअल में किए गए संशोधन को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि इस बदलाव के पीछे कोई तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं किया गया। यह संशोधन संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन करता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि समय से पहले रिहाई के फैसले में पीड़ित पक्ष को सुनवाई का अवसर मिलना चाहिए।
साल 1994 में बिहार के मुजफ्फरपुर में एक जुलूस के दौरान गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। ट्रायल कोर्ट ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जिसे बाद में पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस फैसले को बरकरार रखा था।
इसके बाद बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में सजा माफी के नियमों में बदलाव किया। इसी संशोधन के आधार पर 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया गया। लेकिन दिवंगत IAS अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
अब सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई रद्द करते हुए एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरेंडर के बाद बिहार सरकार कानून के मुताबिक दोबारा सजा माफी की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है। ऐसे में अब सबकी नजर आनंद मोहन के अगले कदम और बिहार सरकार के फैसले पर टिकी है।
No Comment! Be the first one.