यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अखिलेश यादव ने सपा का PDA प्रणपत्र जारी किया। बेरोजगारों को ₹5000 भत्ता, OPS, MSP और पांच रुपये में भोजन का वादा।
News Saga Desk
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र ‘PDA का प्रणपत्र’ जारी कर दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में घोषणापत्र जारी करते हुए युवाओं, किसानों, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों, खिलाड़ियों, वकीलों और पत्रकारों के लिए कई घोषणाएं कीं। पार्टी ने सत्ता में आने पर स्नातक बेरोजगारों को हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने का वादा किया है।
बेरोजगारों को हर महीने पांच हजार रुपये भत्ता
समाजवादी पार्टी ने स्नातक बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने का वादा किया है। इसके अलावा शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने, बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने और पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की घोषणा की गई है। पार्टी ने लैपटॉप वितरण योजना फिर से शुरू करने और 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप देने का भी वादा किया है।
किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
घोषणापत्र में 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने तथा गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही बुनकरों को बिजली पर सब्सिडी, बीपीएल कार्डधारकों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा की गई है।
हर जिले में समाजवादी कैंटीन, पांच रुपये में भोजन
सपा ने पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक (PDA), महिलाओं और गरीबों के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया है। इन कैंटीनों में पांच रुपये में भोजन की थाली उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसके अलावा निजी स्कूलों की फीस और अस्पतालों के खर्च को सीमित करने, शहीदों के परिजनों को पेंशन और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने का भी वादा किया गया है।
अग्निवीरों को सरकारी नौकरी देने का वादा
अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए कहा कि जब तक यह योजना समाप्त नहीं होती, तब तक अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी देने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस विभाग में कार्यरत पति-पत्नी को एक ही जिले में तैनाती और पुलिसकर्मियों को पड़ोसी जिलों में पोस्टिंग का विकल्प देने की घोषणा भी की गई है।
खिलाड़ियों, वकीलों और पत्रकारों के लिए घोषणाएं
खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का वादा किया गया है। युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता देने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की घोषणा भी की गई है।
इसके अलावा फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने, लखनऊ और नोएडा में मीडिया कन्वेंशन सेंटर बनाने तथा यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए अलग नीति लाने का वादा किया गया है।
महिलाओं के लिए अलग से जारी होगा घोषणापत्र
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी महिलाओं के लिए अलग से चुनावी घोषणापत्र भी जारी करेगी। फिलहाल ये सभी घोषणाएं चुनावी वादे हैं। इनके क्रियान्वयन और वित्तीय प्रावधानों को लेकर विस्तृत जानकारी स्पष्ट नहीं है।
No Comment! Be the first one.