झारखंड के गिरिडीह में संविधान दिवस पर सभी कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रस्तावना का पठन किया गया। साथ ही राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 13 प्रखंडों में साइकिल रैली, पारंपरिक प्रधानों का सम्मान और 20 महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पढ़ें पूरी खबर।
गिरिडीह: संविधान दिवस के अवसर पर गिरिडीह समाहरणालय सहित जिले के सभी अनुमंडल कार्यालयों, प्रखंड कार्यालयों, जिला स्तरीय कार्यालयों, पंचायतों और आंगनबाड़ी केंद्रों में संविधान की प्रस्तावना का पठन किया गया। इस दौरान मौजूद पदाधिकारियों, कर्मियों और प्रतिभागियों ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से 28 नवंबर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत गुरुवार को सभी 13 प्रखंडों में जनजातीय गौरव, पारंपरिक व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण से जुड़े आयोजन हुए।
सभी 13 प्रखंडों में निकाली गई साइकिल रैली झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के सभी 13 प्रखंडों में साइकिल रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों, संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, विरासत और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पारंपरिक ग्राम प्रधानों व जनजातीय पदाधिकारियों का सम्मान जिले के सभी 13 प्रखंडों में ग्राम प्रधान, माझी हड़ाम, नायकी, जोगमाझी और मानकी-मुंडा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पारंपरिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राम स्तर पर उनके योगदान, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था और आदिवासी समाज की परंपराओं व संस्कृति के संरक्षण में उनकी भूमिका को सराहा गया।
फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 20 महिलाओं को आर्थिक सहयोग आयोजन के दौरान जेएसएलपीएस (JSLPS) के अंतर्गत सीएलएफ (CLF), जमुआ ब्लॉक में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 20 महिला दीदियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रत्येक महिला को 10,000 रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया, जिससे कुल 2 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनके सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
No Comment! Be the first one.