दिशोम गुरु के सम्मान में रांची में बनेगा स्मृति स्थल, जमीन का चयन शुरू

News Saga Desk

रांची।  दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की याद में राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित वाईपास में स्मृति स्थल का निर्माण किया जायेगा। इसके लिए नगर विकास विभाग ने झारखंड राज्य आवास बोर्ड से जमीन की मांग की है। वहीं आवास बोर्ड के तरफ से जमीन चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार बाईपास रोड में डीपीएस स्कूल के पास स्थित भुसूर मौजा में गुरुजी का स्मृति स्थल बनाने पर विचार किया जा रहा है। इस मुख्य मार्ग पर स्थित भुसूर मौजा में कई एकड़ जमीनें खाली पड़ी हैं।  बता दें कि आवास बोर्ड ने अपनी एकीकृत आवासीय योजना के लिए एचईसी से पांच मौजा में कई एकड़ अधिग्रहण किया है, जिसमें भुसूर मौजा का 59.13 एकड़ अधिग्रहित जमीन भी शामिल है। और अब इसी में दिशोम गुरु के स्मृति स्थल बनाने के लिए जमीन को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया गया है। 

शिबू सोरेन के स्मृति स्थल को लेकर जिस जमीन का चयन किया जा रहा है। वह रांची के सबसे महत्वपूर्ण मार्ग में पड़ता है। सचिवालय भवन, विधानसभा व हाईकोर्ट आने-जाने के लिए मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्य न्यायाधीश, विधायक जैसे गणमान्य लोग प्रतिदिन इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। वहीं नई दिल्ली से रांची एयरपोर्ट से आने के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या अन्य केंद्रीय मंत्री भी राजभवन या अन्य जगह जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। यदि इस जगह को चिन्हित कर लिया जाता है और स्मृति स्थल बन जाता है तो जो लोगों को यहां रुक कर श्रद्धांजलि देने में आसानी होगी। 

कुछ इस तरह होगा स्मृति स्थल

  • दिशोम गुरु की एक प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
  • 4 एकड़ की होगी जमीन। 
  • मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका की तर्ज पर ही इस स्मृति स्थल को निर्माण किया जाएगा। 
  • स्मृति स्थल परिसर में चारों तरफ पार्क और बेहतर लाइटिंग की जाएगी।


Read More News

Read More