इंस्टाग्राम पर परवान चढ़ा मूक-बधिर प्रेम, प्रेमिका से मिलने पंजाब से साहिबगंज पहुंचा युवक

दो साल से सोशल मीडिया पर इशारों में होती थी बातचीत, दोनों परिवारों की सहमति से शादी कराने की तैयारी

NEWS SAGA DESK

साहिबगंज। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती अब शादी के मुकाम तक पहुंचती नजर आ रही है। पंजाब के फरीदकोट जिले के मेहमुआना गांव निवासी भिंडर सिंह को साहिबगंज के सकरीगली की एक मूक-बधिर युवती से प्यार हो गया। दोनों करीब दो वर्षों से इंस्टाग्राम और वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में थे। बोलने में असमर्थ होने के कारण वे इशारों के जरिए अपनी भावनाएं साझा करते थे।

इसी बीच पिछले सप्ताह भिंडर सिंह अपनी प्रेमिका से मिलने सकरीगली पहुंच गया। बताया जाता है कि वह युवती को अपने साथ पंजाब ले जाने की तैयारी में था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने दोनों को रोक लिया और पूछताछ शुरू कर दी। बाद में मामला प्रेम संबंध का होने की जानकारी सामने आई।

जीआरपी थाने पहुंचे परिजन, बांड भरने के बाद मिली रिहाई

पुलिस के लिए युवक और युवती से बातचीत करना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि दोनों बोलने में असमर्थ थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। गुरुवार को भिंडर सिंह के पिता सुखदेव सिंह अपनी पत्नी मंजीत कौर और बेटे पवनप्रीत सिंह के साथ सकरीगली पहुंचे। युवती के परिजनों को भी जीआरपी थाने बुलाया गया।

पुलिस के अनुसार, युवक और युवती दोनों बालिग हैं और किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद आवश्यक बांड भरवाकर दोनों को छोड़ दिया गया। जानकारी के मुताबिक, भिंडर सिंह दसवीं पास है, जबकि युवती के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं।

परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत

रिहाई के बाद अब दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह अपने परिवार के साथ फिलहाल सकरीगली में ही रुके हुए हैं। यदि युवती के परिजन सहमत होते हैं, तो शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव मंदिर में दोनों का विवाह कराया जा सकता है। इसके बाद भिंडर सिंह अपनी पत्नी को लेकर पंजाब लौट सकता है।

इसे भी देखें… ‘Asking for trouble’! Jairam Mahto’s post causes a stir, traffic police issued instructions

जीआरपी थाना प्रभारी सत्यदेव राम ने बताया कि युवक और युवती को रेलवे स्टेशन पर रोका गया था। दोनों के बोलने में असमर्थ होने के कारण उनके परिजनों को बुलाया गया। दोनों के बालिग होने और किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अब परिवारों की सहमति से विवाह की संभावना जताई जा रही है।

Read More News

झारखंड हाईकोर्ट का आदेश: रांची यूनिवर्सिटी और डोरंडा कॉलेज की दो महिला कर्मचारियों की सेवा होगी नियमित

झारखंड हाईकोर्ट ने रांची यूनिवर्सिटी और डोरंडा कॉलेज की दो महिला कर्मचारियों को सेवा नियमित करने का...

Read More