फिल्म की कहानी छत्रपति शिवाजी महाराज के दौर की ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित बताई जा रही है। यह दो भागों में बनने वाली एक भव्य ऐतिहासिक गाथा होगी। फिल्म की रिलीज 21 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
कर्नाटक की वीरांगना रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह है उनकी वीरता की कहानी पर बनने वाली फिल्म नहीं, बल्कि ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’, जिसमें अभिनेत्री भूमि पेडनेकर रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा का किरदार निभाने जा रही हैं। फिल्म में ‘कांतारा’ स्टार ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को संदीप सिंह बना रहे हैं और इसमें अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

कौन थीं रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा?
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा को कर्नाटक की वीर योद्धा रानियों में गिना जाता है। इतिहास में उनकी पहचान साहस, युद्ध कौशल और नेतृत्व क्षमता के लिए होती है। बताया जाता है कि उनका जन्म 1624 में कर्नाटक के सोधे में हुआ था। वह राजा मधुलिंगा की बेटी थीं और उन्हें अपने भाइयों की तरह शिक्षा तथा युद्ध प्रशिक्षण दिया गया था।
मल्लम्मा को घुड़सवारी, तीरंदाजी और भाला चलाने में विशेष दक्षता हासिल थी। उनके गुरु के रूप में शंकर भट्ट का नाम मिलता है। विवाह के बाद वह बेलावड़ी के राजा ईशप्रभु के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय रहीं।
महिला योद्धाओं की सेना तैयार करने की कहानी
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा से जुड़ी सबसे चर्चित ऐतिहासिक कथाओं में उनकी महिला सैन्य टुकड़ी का उल्लेख मिलता है। कहा जाता है कि उन्होंने बड़ी संख्या में महिला योद्धाओं को संगठित किया था। कुछ ऐतिहासिक विवरणों में इस सेना की संख्या 5 हजार से अधिक बताई जाती है।
रानी मल्लम्मा को युद्ध के साथ-साथ प्रशासन और शिक्षा की भी अच्छी समझ थी। यही वजह थी कि वह केवल एक योद्धा के रूप में नहीं, बल्कि एक कुशल शासक के तौर पर भी जानी गईं।
शिवाजी की सेना से क्यों हुआ युद्ध?
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा की कहानी छत्रपति शिवाजी महाराज के दौर से भी जुड़ती है। प्रचलित विवरणों के अनुसार, शिवाजी महाराज की सेना जब बेलावड़ी क्षेत्र में पहुंची तो यादवाड़ गांव के किसानों के साथ सैनिकों के कथित दुर्व्यवहार के बाद विवाद बढ़ गया।
इस घटना के बाद बेलावड़ी की सेना और मराठा सैनिकों के बीच संघर्ष हुआ। कहा जाता है कि रानी मल्लम्मा खुद अपनी महिला योद्धाओं के साथ युद्ध के मैदान में उतरी थीं। उन्होंने मराठा सेना का मजबूती से मुकाबला किया।
युद्ध से जुड़े विभिन्न विवरणों में मराठा सैनिकों के मारे जाने और बड़ी संख्या में सैनिकों के घायल होने का उल्लेख मिलता है। हालांकि, इस घटना से जुड़े आंकड़ों और विवरणों को लेकर ऐतिहासिक स्रोतों में अंतर मिलता है।
चार महीने के बच्चे को गोद में लेकर लड़ीं जंग
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा की वीरता की सबसे भावुक कहानियों में यह प्रसंग भी शामिल है कि उन्होंने युद्ध के दौरान अपने चार महीने के बच्चे को गोद में लेकर संघर्ष किया था। उनके पति राजा ईशप्रभु भी इस संघर्ष में शामिल थे और युद्ध के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इसके बाद भी मल्लम्मा ने हिम्मत नहीं छोड़ी और मराठा सेना के खिलाफ मुकाबला जारी रखा। उनकी यह कहानी आज भी कर्नाटक की लोककथाओं और वीरगाथाओं में साहस का प्रतीक मानी जाती है।
शिवाजी महाराज ने मांगी थी माफी
प्रचलित ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, लंबे संघर्ष के बाद रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा को पराजय का सामना करना पड़ा और उन्हें शिवाजी महाराज के सामने पेश किया गया।
कहा जाता है कि मल्लम्मा ने मराठा सैनिकों के कथित दुर्व्यवहार पर शिवाजी महाराज के सामने कड़ा विरोध जताया। इसके बाद शिवाजी महाराज ने उनके साथ हुए व्यवहार के लिए माफी मांगी और उनका राज्य वापस कर दिया। साथ ही, दोषी सैनिकों को दंडित किए जाने की बात भी सामने आती है।
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा का निधन 1678 में हुआ बताया जाता है। उनकी वीरता की कहानी आज भी कर्नाटक के इतिहास में विशेष स्थान रखती है।
अब पर्दे पर बेलवाड़ी मल्लम्मा बनेंगी भूमि पेडनेकर
रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा की इसी वीरगाथा को अब बड़े पर्दे पर दिखाने की तैयारी है। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इस ऐतिहासिक किरदार को निभाती नजर आएंगी। फिल्म में उनके किरदार से जुड़े युद्ध दृश्यों को भव्य स्तर पर फिल्माए जाने की तैयारी की जा रही है।
फिल्म में ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आएंगे। अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन और निर्माण संदीप सिंह कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म के एक्शन सीक्वेंस को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय एक्शन टीम को भी जोड़े जाने की जानकारी सामने आई है।
इसे भी देखें...Paper Leak पर मोदी सरकार का सबसे बड़ा कानून! 10 साल जेल, ₹10 करोड़ जुर्माना | NEET | Parliament 2026
कई भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ को बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म को हिंदी के साथ कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मराठी और मलयालम भाषाओं में रिलीज करने की योजना बताई जा रही है।
फिल्म की प्रस्तावित रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भूमि पेडनेकर रानी बेलवाड़ी मल्लम्मा जैसे साहसी ऐतिहासिक किरदार को पर्दे पर किस तरह पेश करती हैं।
No Comment! Be the first one.