NEWS SAGA DESK
खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र स्थित लांदुप पंचायत के नीचे टोला में शनिवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के दंपती कानू मुंडा और उनकी पत्नी गौरी देवी की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह जब बेटों ने घर के बाहर से दरवाज़ा बंद देखा, तो शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो दोनों के शव खून से लथपथ पड़े थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
हत्या को बताया जा रहा साजिशन हमला
परिजनों के अनुसार रात में गांव के कई घरों की कुंडी बाहर से बंद थी। इससे साफ है कि घटना को पूरी योजना बनाकर अंजाम दिया गया। मृतकों का किसी से कोई विवाद नहीं था, फिर भी इस तरह की निर्मम हत्या ने गांव में दहशत फैला दी है।
गौरी देवी के हाथ कटे हुए मिले, जबकि कानू मुंडा के सिर और चेहरे पर गहरे वार के निशान थे।
डायन-बिसाही के शक में हत्या की आशंका
मुखिया मंगा नाग ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डायन-बिसाही के शक में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई है। उधर ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.