झारखंड में बढ़ी ठंड, नौ जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे; खूंटी सबसे ठंडा जिला

NEWS SAGA DESK

हिमालयी राज्यों में हो रही लगातार बर्फबारी और उत्तर दिशा से चल रही शीतल हवाओं का असर अब झारखंड में भी तेजी से नजर आने लगा है। राज्यभर में रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन कम नहीं हो रही है। पिछले 24 घंटों में झारखंड के नौ जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान खूंटी सबसे ठंडा जिला रहा, जहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सप्ताह में तीन दिनों तक यहां पारा 8 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे शीतलहर का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है।

कई जिलों में तेजी से गिर रहा तापमान

हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ती बर्फबारी ने वहां का तापमान काफी नीचे गिरा दिया है। उन्हीं इलाकों से आने वाली उत्तरी ठंडी हवाएँ झारखंड के अधिकांश हिस्सों में भी शीतलता बढ़ाने का काम कर रही हैं। अधिकांश जिलों में रात का तापमान सामान्य से काफी कम हो गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दो दिनों तक कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।

15 और 16 नवंबर को इन जिलों में रहेगा येलो अलर्ट

 रांची, खूंटी, पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर से आ रही बर्फीली हवाएँ अगले कुछ दिनों तक जारी रहेंगी, जिससे राज्यभर में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़ों का उपयोग करने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Read More News

Read More