डूसू चुनाव: अध्यक्ष पद पर ABVP और NSUI में कांटे की टक्कर, यश डबास को बढ़त

NEWS SAGA DESK

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के नतीजों के लिए वोटों की गिनती जारी है। 15वें राउंड की मतगणना के बाद ABVP के यश डबास अध्यक्ष पद पर NSUI के विजय मीणा से आगे निकल गए हैं। जानें सभी 4 पदों का राउंड-वार लाइव अपडेट।

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों के लिए नॉर्थ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में वोटों की गिनती जारी है। इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की छात्र इकाई ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) और कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के बीच चारों केंद्रीय पदों पर बेहद ही दिलचस्प और कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है।

विजय शंकर मीणा

शुक्रवार को हुए मतदान में कुल 40.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक है। इस बार डीयू के 52 केंद्रों पर दो चरणों में वोट डाले गए थे। मतगणना केंद्र पर दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश सिंह द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

15वें राउंड की स्थिति: अध्यक्ष पद पर फिर पलटा मुकाबला

15वें राउंड की वोटों की गिनती समाप्त होने के बाद अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने फिर से बढ़त हासिल कर ली है। डबास को 17,315 वोट मिले हैं, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा 17,021 वोटों के साथ महज 294 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

इससे पहले 14वें राउंड में विजय शंकर मीणा ने यश डबास पर मात्र 1 वोट की बढ़त बनाई थी, जबकि 13वें राउंड में वह 424 वोटों से आगे थे। अध्यक्ष पद पर लगातार हर राउंड के साथ समीकरण बदल रहे हैं।

चारों मुख्य पदों पर ताजा अपडेट (15वें राउंड तक):
  • अध्यक्ष (President): ABVP के यश डबास (17,315 वोट) NSUI के विजय शंकर मीणा (17,021 वोट) से 294 वोटों से आगे हैं।
  • उपाध्यक्ष (Vice President): निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन (22,682 वोट) विशाल बढ़त के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। ABVP के ईशु मौर्य और NSUI के वीर छत्रथ काफी पीछे छूट गए हैं।
  • सचिव (Secretary): ABVP की रिया छावड़ी (14,731 वोट) NSUI की नम्रता चौधरी (11,310 वोट) से 3,421 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं।
  • संयुक्त सचिव (Joint Secretary): NSUI के गोपाल चौधरी (11,912 वोट) बढ़त बनाए हुए हैं। इस पद पर SCS के विशेष यादव और ABVP के लक्ष्य राज सिंह के बीच भी कड़ा मुकाबला देखा गया था।

20 उम्मीदवार मैदान में

इस वर्ष DUSU के 4 केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है।

  • अध्यक्ष पद: 7 उम्मीदवार
  • उपाध्यक्ष पद: 5 उम्मीदवार
  • सचिव पद: 4 उम्मीदवार
  • संयुक्त सचिव पद: 4 उम्मीदवार

प्रमुख मैदान में ABVP, NSUI के अलावा AISA-SFI गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार (अध्यक्ष: अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष: अक्षत शिखर, सचिव: स्टैनजिन डेस्क्योंग, संयुक्त सचिव: बी पारिजात) भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

Read More News

Read More