NEWS SAGA DESK
बेंगलुरु : भारत में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष निगरानी और सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक सरकारी अस्पताल में युगांडा से आई 28 वर्षीय महिला को इबोला जैसे लक्षण मिलने के बाद भर्ती कराया गया है। हालांकि अब तक भारत में इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार महिला हाल ही में इबोला प्रभावित क्षेत्र से भारत पहुंची थी। शरीर में दर्द और अन्य हल्के लक्षण दिखाई देने के बाद उसे एहतियातन होटल से सरकारी महामारी रोग अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के सैंपल जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। तय प्रक्रिया के तहत दोबारा जांच भी की जाएगी। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 17 मई को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में फैल रहे इबोला प्रकोप को “अंतरराष्ट्रीय चिंता की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति” घोषित किया था। इसके बाद कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित देशों से लौटने वाले लोगों को 21 दिनों तक स्वास्थ्य निगरानी और स्वयं निगरानी में रहने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जिन लोगों में लक्षण दिखाई दें, वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। बेंगलुरु में राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ चेस्ट डिजीज को आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है, जबकि महामारी रोग अस्पताल को क्वारंटाइन और उपचार केंद्र के रूप में तैयार किया गया है।
क्यों खतरनाक है इबोला वायरस?
4
इबोला वायरस रोग एक गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी है, जिसकी मृत्यु दर काफी अधिक मानी जाती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, दस्त, पेट दर्द, त्वचा पर चकत्ते और आंखों का लाल होना शामिल हैं। यह बीमारी संक्रमित व्यक्ति या उसके शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैलती है।
केंद्र और राज्य सरकारें फिलहाल हवाई अड्डों, बंदरगाहों और अस्पतालों में निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ संभावित संक्रमण को रोकने के लिए व्यापक तैयारी में जुटी हुई हैं
No Comment! Be the first one.