जमशेदपुर में 14 से 20 नवंबर तक होगा चतुर्थ बाल मेला, तैयारियां जोर पर

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर। आगामी चतुर्थ बाल मेला की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। रविवार को जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक और बाल मेला के संरक्षक सरयू राय की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल कल्याण से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर के विभिन्न स्कूलों के खेल प्रशिक्षक और शिक्षक बड़ी संख्या में मौजूद थे। बाल मेला 14 से 20 नवंबर तक साकची के गरमनाला स्थित बोधि मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसका संयुक्त आयोजन स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

मेला आयोजन समिति की सदस्य मंजू सिंह ने बताया कि इस बार मेले में स्लम क्षेत्रों में रहने वाले ऐसे बच्चे भी भाग लेंगे जो किसी विद्यालय में नामांकित नहीं हैं। यह सुझाव बाल आयोग से जुड़े संजय द्वारा दिया गया था, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। सरयू राय ने निर्देश दिया कि ऐसे बच्चों को सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का समान अवसर दिया जाए।

बैठक में कुल 26 स्कूलों के प्रशिक्षक और शिक्षक शामिल हुए, जिन्हें कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। बैठक में मेले के सभी इवेंट्स और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के प्रत्येक स्कूल और अधिक से अधिक बच्चों तक बाल मेले की जानकारी पहुंचाई जाए। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार की शुरुआत कर दी गई है। बैठक में संयोजक मनोज सिंह, सुधीर सिंह सहित आयोजन समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Read More News

Read More