NEWS SAGA DESK
पूर्वी सिंहभूम। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में शुरू हुई। सुबह आठ बजे गिनती शुरू होते ही परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मतगणना केंद्र पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण ढंग से वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझान कुछ ही समय में सामने आने की उम्मीद है। मतगणना के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं, जहां 20 राउंड में वोटों की गिनती हो रही है। पूरे परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और 45 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है। मतगणना स्थल पर बिना पास प्रवेश की अनुमति नहीं है। दोपहर बाद अंतिम परिणाम घोषित होने की संभावना है। इस उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे और आज उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला होना है।
मुख्य मुकाबला झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के बीच माना जा रहा है। सोमेश चंद्र सोरेन पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता चंपाई सोरेन के बेटे हैं। स्वर्गीय रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी, जिसके लिए उपचुनाव कराया गया।
No Comment! Be the first one.