राज्यपाल ने “सरदार @150 पदयात्रा” में युवाओं का मनोबल बढ़ाया, एकता और राष्ट्रभावना पर दिया जोर

News Saga Desk

राँची | माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज राज भवन के मुख्य द्वार से ओटीसी ग्राउंड तक आयोजित “सरदार @150 पदयात्रा” (यूनिटी मार्च – एक भारत, आत्मनिर्भर भारत) में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता और सेवा-भावना का प्रेरक प्रतीक है, जिसे भारत रत्न व देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।

राज्यपाल ने सरदार पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की 562 रियासतों को मिलाकर अखंड भारत की नींव रखी, और उनका संदेश सदैव यही रहा कि “एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने युवाओं और विभिन्न संस्थाओं की उत्साही भागीदारी की सराहना की और कहा कि देश का भविष्य उनकी एकजुटता, संकल्प और चरित्र पर आधारित है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसी पहलें और विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस समारोह युवाओं में राष्ट्रभावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्यपाल ने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन और कर्तव्यों में आत्मसात करें और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों से स्वदेशी अपनाने और नशामुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलवाई।

Read More News

Read More