झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के सदर अस्पताल पहुंचकर दांतों का इलाज कराया। वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. रवि राज ने दी सेवाएं। पढ़ें पूरी खबर।
रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल (Sadar Hospital Ranchi) की चिकित्सा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण वाकया सामने आया, जब राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सामान्य मरीजों की तरह अपने स्वास्थ्य की जांच कराने सीधे सदर अस्पताल पहुंचे। राज्यपाल के अस्पताल पहुंचने से चिकित्सा कर्मियों और प्रशासनिक महकमे में भी चर्चा का विषय बन गया।

दोपहर 1:35 बजे पहुंचे और करीब 45 मिनट तक रहे अस्पताल में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने एक दिन पहले ही अस्पताल के चिकित्सकों से अपना अपॉइंटमेंट तय किया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह गुरुवार को दोपहर करीब 1:35 बजे सदर अस्पताल पहुंचे और अस्पताल परिसर में लगभग 45 मिनट तक रुके। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की आधुनिक डेंटल ओपीडी (Dental OPD) का रुख किया और वहां तैनात वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. रवि राज से परामर्श लिया।
इम्प्लांट सपोर्टेड ब्रिज लगाने की है तैयारी
वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. रवि राज ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल को बेहतर और उच्चस्तरीय चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। उनके दांतों की स्थिति के अनुसार आगे ‘इम्प्लांट सपोर्टेड ब्रिज’ (Implant Supported Bridge) लगाए जाने की योजना है। इस चिकित्सीय प्रक्रिया के अगले चरणों को पूरा करने के लिए राज्यपाल को आने वाले दिनों में दोबारा सदर अस्पताल आना पड़ सकता है।
सदर अस्पताल में वीवीआईपी (VVIP) इलाज का बढ़ता सिलसिला
यह पहली बार नहीं है जब राज्य के किसी शीर्ष संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति या वरिष्ठ अधिकारी ने इलाज के लिए सरकारी अस्पताल को चुना हो। इससे पहले भी राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. मुजम्मिल से चिकित्सकीय परामर्श ले चुके हैं।
इसके अलावा झारखंड के प्रशासनिक गलियारों से भी इस अस्पताल के प्रति सकारात्मक खबरें आती रही हैं:
- राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी हाल ही में स्वास्थ्य लाभ और इलाज के लिए यहां पहुंच चुके हैं।
- स्वास्थ्य विभाग के पूर्व अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने इसी सदर अस्पताल में अपनी फिजियोथेरेपी कराई थी।
- आईएएस अधिकारी अबु इमरान ने भी अपने और अपने पूरे परिवार का उपचार इसी सरकारी संस्थान से कराया है।
No Comment! Be the first one.