झारखंड स्थापना दिवस पर मोरहाबादी में भव्य उत्सव, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम

NEWS SAGA DESK

रांची। झारखंड आज अपने गठन के 25 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक दिन मना रहा है। 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अस्तित्व में आए इस राज्य ने ढाई दशक में विकास, संघर्ष और उपलब्धियों की लंबी यात्रा तय की है। इस विशेष अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है, जहां राज्य की कला, संस्कृति, इतिहास और उपलब्धियों को दर्शाने वाली विशाल प्रदर्शनी लगाई गई है।

मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे तक दर्शकों के बैठने की पूरी व्यवस्था कर ली जाएगी, जिसके बाद औपचारिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। पूरा मोरहाबादी मैदान झारखंड थीम पर आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

झारखंड राज्य गठन की पृष्ठभूमि

 2 अगस्त 2000 को संसद ने बिहार पुनर्गठन विधेयक पास किया।

 15 नवंबर 2000 को बिहार के 18 जिलों को अलग कर झारखंड का गठन हुआ।

 झारखंड देश का 28वां राज्य बना।

 ‘झार’ (जंगल) और ‘खंड’ (भूमि) से बना ‘झारखंड’ नाम राज्य की पहचान को दर्शाता है।

 भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर राज्य गठन होना झारखंडवासियों के लिए ऐतिहासिक उपहार माना जाता है।

25 वर्षों में झारखंड ने कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे, मगर विकास और नई उपलब्धियों की यात्रा निरंतर जारी रही।

रांची में वॉल पेंटिंग से सजा शहर

स्थापना दिवस को लेकर रांची की दीवारें रंग-बिरंगी वॉल पेंटिंग से सजाई गई हैं। इनमें सोहराय, खोवादाई, आदिवासी जीवन शैली, लोकनृत्य, वन्यजीवन और पारंपरिक प्रतीक प्रमुख रूप से झलक रहे हैं। कलाकारों की इन कृतियों ने शहर की खूबसूरती को चार चांद लगा दिए हैं।

राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम

समारोह को देखते हुए रांची में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।

 कुल 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें 2,000 अधिकारी और 8,000 जवान शामिल हैं।

 ट्रैफिक प्रतिबंध सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेंगे।

 बड़े वाहनों, मालवाहकों और ई-रिक्शा पर अलग-अलग समय में रोक लगाई गई है।

 शहर के कई मार्गों पर आवागमन सिर्फ कार्यक्रम से जुड़े वाहनों और आपातकालीन सेवाओं के लिए ही अनुमत है।

 बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और रणधीर वर्मा चौक के मार्ग शाम 8 बजे तक बंद रहेंगे।

 स्टेशन से मुंडा चौक तक वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था

 मुख्यमंत्री और वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे विशेष पार्किंग बनाई गई है।

 वीआईपी और अधिकारियों के वाहन नीलांबर-पीतांबर (ऑक्सीजन पार्क) के पास पार्क होंगे।

 मीडिया कर्मियों के लिए हॉकी स्टेडियम के समीप आर्मी ग्राउंड के पास पार्किंग निर्धारित है।

 विभिन्न जिलों से आने वाले लाभुकों के वाहनों को आर्मी मैदान में पार्क कराया जाएगा।

Read More News

Read More