News Saga Desk
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। वह पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बन गए हैं। लंबे समय तक राज्य की सत्ता पर काबिज रही ममता बनर्जी सरकार के बाद अब बंगाल की कमान भाजपा के हाथों में आ गई है।
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 11 बजे आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने शुभेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। ब्रिगेड परेड ग्राउंड लंबे समय से बंगाल की राजनीति का प्रमुख केंद्र रहा है और कई ऐतिहासिक राजनीतिक सभाओं का गवाह रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। समारोह को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला।
भाजपा ने इस ऐतिहासिक अवसर के लिए 9 मई, यानी गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती का दिन चुना। इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और मतदाताओं को प्रतीकात्मक संदेश देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ अब राज्य की राजनीति और प्रशासनिक दिशा में बड़े बदलावों की उम्मीद जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.