NEWS SAGA DESK
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बुधवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 9:45 बजे एक तेज रफ्तार मालगाड़ी नियंत्रण खोकर यार्ड की दीवार तोड़ते हुए खड़ी दूसरी मालगाड़ी से जा टकराई। जोरदार टक्कर के कारण दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कर्मी समय रहते बच निकले
हादसे के समय यार्ड में कई कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन सभी ने समय रहते सुरक्षित स्थान ले लिया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाली मालगाड़ी बिना इंजन के ढलान से तेज गति में नीचे आ रही थी।
प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि यह हादसा तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल ट्रैक की मरम्मत का कार्य जारी है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा करने का निर्देश दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
No Comment! Be the first one.