भारत की कूटनीति से जुड़ी कई अहम गतिविधियां आने वाले दिनों में देखने को मिलेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20 अक्टूबर 2026 को मुंबई में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक करेंगे
NEWS SAGA DESK
भारत की कूटनीति से जुड़ी कई अहम गतिविधियां आने वाले दिनों में देखने को मिलेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20 अक्टूबर 2026 को मुंबई में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान जयशंकर अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे।
अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश पर भारत चिंतित
अमेरिका के इलिनॉय राज्य के औरोरा शहर में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर गोलीबारी की साजिश से जुड़ी खबर पर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका में भारतीय समुदाय और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ नस्लीय नफरत, भारत-विरोधी घृणा और नफरत से जुड़े अपराधों की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
भारत ने अमेरिकी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों तथा हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। प्रवक्ता ने कहा कि अब इस मामले में निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है।
यूएई के विदेश मंत्री भी मुंबई के दौरे पर
संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान 19 और 20 अक्टूबर को मुंबई के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान एस. जयशंकर उनकी मेजबानी करेंगे। खास बात यह है कि इसी दौरे के दौरान जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ भी बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत में विदेशी नेताओं की मेजबानी केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रही है। पिछले करीब एक दशक में कई महत्वपूर्ण मुलाकातें देश के दूसरे शहरों में भी आयोजित की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले स्पेन के प्रधानमंत्री की वडोदरा, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की अहमदाबाद और मॉरीशस के प्रधानमंत्री की वाराणसी में मेजबानी की थी।
भारत-UAE संबंधों और खाड़ी क्षेत्र पर भी चर्चा
रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत और यूएई के विदेश मंत्रियों के बीच हाल में हुई बातचीत में व्यापार, ऊर्जा और यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय के कल्याण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने खाड़ी क्षेत्र के मौजूदा घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए। इसके अलावा, एस. जयशंकर ने अबू धाबी में आयोजित रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने पहुंचे जॉर्जिया के विदेश मंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान विदेश मंत्री ने कई सत्रों में अपने विचार रखे। उन्होंने रास अल खैमाह के शासक से भी मुलाकात की, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा हुई।
पीएम मोदी के कनाडा दौरे पर क्या है अपडेट?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित कनाडा यात्रा को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, कनाडा की विदेश मंत्री के हालिया भारत दौरे के दौरान उन्होंने एस. जयशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री की कनाडा यात्रा को लेकर भी बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रा की तारीखों पर अभी चर्चा जारी है। कार्यक्रम तय होने के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फिलहाल, जयशंकर की अमेरिका और यूएई के विदेश मंत्रियों के साथ प्रस्तावित मुलाकातों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रहेगी।
No Comment! Be the first one.