JAC आकांक्षा परीक्षा 2026: पैटर्न और अंक वितरण जारी, ऑनलाइन आवेदन शुरू

News Saga Desk

रांची: झारखंड अकादमिक काउंसिल (JAC), रांची ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली आकांक्षा परीक्षा को लेकर परीक्षा पैटर्न और अंक वितरण की पूरी जानकारी जारी कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। यह परीक्षा इंजीनियरिंग, मेडिकल और CLAT की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आयोजित की जाएगी।

जारी सूचना के अनुसार, आकांक्षा परीक्षा का ऑनलाइन आवेदन 30 दिसंबर से शुरू हो चुका है, जो 16 जनवरी 2026 तक भरा जा सकेगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

परीक्षा पैटर्न और अंक वितरण

आकांक्षा परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों (MCQ) पर आधारित होगी और उत्तर ओएमआर शीट पर देने होंगे। प्रत्येक विषय में 40 प्रश्न पूछे जाएंगे और हर विषय का पूर्णांक 40 अंक निर्धारित किया गया है।

इंजीनियरिंग आकांक्षा परीक्षा

इंजीनियरिंग स्ट्रीम के लिए भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित और मानसिक योग्यता परीक्षा (MAT) से प्रश्न पूछे जाएंगे। चारों विषयों के लिए समान रूप से 40-40 अंक निर्धारित हैं।

मेडिकल आकांक्षा परीक्षा

मेडिकल स्ट्रीम में भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान और मानसिक योग्यता परीक्षा (MAT) शामिल होगी। सभी विषयों का पूर्णांक 40-40 अंक रहेगा।

CLAT आकांक्षा परीक्षा

CLAT के लिए आयोजित आकांक्षा परीक्षा में अंग्रेज़ी, सामान्य ज्ञान, सामान्य अध्ययन और मानसिक योग्यता परीक्षा (MAT) से 40-40 प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी विषयों के लिए 40 अंक निर्धारित किए गए हैं।

जैक ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि और परीक्षा की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें।

Read More News

Read More