झारखंड विधानसभा रजत जयंती समारोह: शहीद जवानों और विशिष्ट विधायकों का हुआ सम्मान

News Saga Desk

झारखंड विधानसभा के 25वें वर्ष या रजत जयंती समारोह का आयोजन शनिवार को विधानसभा परिसर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रहे। इस अवसर पर धनबाद के भाजपा विधायक राज सिंहा को विशिष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही झारखंड पुलिस के शहीद जवानों, सेना के शहीद जवानों, पूर्व विधायकों और विधानसभा के कई कर्मियों का भी सम्मान हुआ।

मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में झारखंड राज्य गठन के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब वे केंद्रीय मंत्रिमंडल में थे, तब उन्होंने अलग राज्य के गठन के पक्ष में मतदान किया था। उन्होंने झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोकतंत्र की गरिमा और अलग राज्य गठन के लिए हुए आंदोलन को याद किया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख योद्धा शिबू सोरेन को याद करते हुए भावुक हो गए।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो ने स्वागत भाषण देते हुए 25 वर्षों के सफर को याद किया। उन्होंने लोकतांत्रिक मर्यादा को बनाए रखने और उसकी आत्मा को जीवित रखने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के झारखंड राज्य गठन में किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने मंच से ही राज्य सरकार की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कड़ी आलोचना की और राज्य के विकास को लेकर कई प्रश्न उठाए।

Read More News

Read More