झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 6 दिनों तक बारिश-वज्रपात का अलर्ट

NEWS SAGA DESK

झारखंड मौसम में अगले छह दिनों तक बदलाव जारी रहेगा। कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट है। 9 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं।

झारखंड मौसम में अगले छह दिनों तक उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज और शुक्रवार को कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

झारखंड मौसम 

बारिश की गतिविधियों के बीच लोगों को उमस भरी गर्मी भी परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

रांची समेत कई शहरों में बढ़ेगा तापमान

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास से बढ़कर करीब 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। बारिश और बादलों के बावजूद तापमान बढ़ने से वातावरण में नमी अधिक रहने की संभावना है। इसके कारण लोगों को चिपचिपी और उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

झारखंड मौसम को लेकर मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में 9 सितंबर को एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली का असर झारखंड के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

9 सितंबर के आसपास बनने वाले संभावित मौसम सिस्टम के कारण राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

वहीं, राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है, खासकर जब मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति बन रही हो।अगस्त में बंगाल की खाड़ी में लगातार बने निम्न दबाव के क्षेत्रों और साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने झारखंड मौसम का रुख बदल दिया। लगातार हुई बारिश के कारण 2 सितंबर तक राज्य ने सामान्य बारिश का कोटा पूरा कर लिया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 2 सितंबर तक झारखंड में सामान्य बारिश 815.6 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में 818.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 3 प्रतिशत अधिक है।

Read More News

Read More