झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसआईआर को लेकर की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

News Saga Desk

रांची | झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों का जायजा लिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी अधिकारियों को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण को सुविधाजनक बनाने के लिए वर्तमान मतदाता सूची का 2003 की मतदाता सूची के साथ अधिकतम मिलान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों के लिए भारत निर्वाचन आयोग से निर्देश प्राप्त हो गए हैं। मतदाता जितना अधिक 2003 की मतदाता सूची से पैरेंटल मैपिंग कराएंगे, उनके लिए फार्म भरना उतना ही आसान होगा।

के. रवि कुमार ने कहा है कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई बीएलओ चुनाव कार्य में आनाकानी करता है, तो उसकी रिपोर्ट विभाग को भेजें तथा निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर नया बीएलओ नियुक्त करें। उन्होंने कहा है कि सभी स्तर के अधिकारियों के लिए चुनाव के लिए उन्हें सौंपे गए कार्य को करना अनिवार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने समीक्षा के क्रम में सभी जिलों के मतदाता सूची की मैपिंग की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जमीनी स्तर पर आ रही परेशानियों को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । उन्होंने सभी पदाधिकारियों को फील्ड विजिट कर मतदाता सूची की मैपिंग की समस्याओं का निरीक्षण करते हुए उसके समाधान एवं कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर की ओर से मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के लिए पीपीटी के माध्यम से सभी पदाधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Read More News

Read More