केतारी बागान फ्लाईओवर से जाम से मिलेगी राहत, एक भी मकान नहीं टूटेगा – संजय सेठ

News Saga Desk

रांची | केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा है कि केतारी बागान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पूरी तरह जनसुविधा को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस परियोजना में एक भी मकान नहीं टूटेगा और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह फ्लाईओवर उनके उस वादे की पूर्ति है जो उन्होंने केतारी बागान और कृष्णापुरी क्षेत्र की जनता से किया था। उनके निरंतर प्रयासों से दोनों फ्लाईओवर की स्वीकृति मिल चुकी है। केतारी बागान फ्लाईओवर का काम शुरू हो चुका है, जबकि कृष्णापुरी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा। करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह 950 मीटर लंबा फ्लाईओवर सर्वेश्वरी मंदिर के आगे से शुरू होकर सरस्वती शिशु मंदिर, चुटिया के आगे तक जाएगा। सरस्वती शिशु मंदिर के पास से एक रैम्प ऑक्सफोर्ड स्कूल की ओर उतरेगा। फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा ताकि यातायात सुगम बना रहे।

सेठ ने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे के दुकानदारों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। रेलवे क्रॉसिंग के पास दोनों तरफ सीढ़ियाँ भी बनाई जाएंगी ताकि लोग आसानी से ऊपर-नीचे आ-जा सकें। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के बन जाने से वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। जिस तरह रातू रोड कॉरिडोर का निर्माण बिना किसी मकान को तोड़े हुआ था, उसी तरह केतारी बागान फ्लाईओवर भी बिना किसी तोड़फोड़ के पूरा किया जाएगा।
संजय सेठ ने कहा कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य 18 माह में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे रांची शहर के यातायात तंत्र को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बड़ी सुविधा होगी।

Read More News

Read More