NEWS SAGA DESK
नई दिल्ली; सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने अपने बचत पोर्टफोलियो को मजबूत करने के उद्देश्य से दो नए संयुक्त जीवन बीमा उत्पाद लॉन्च किए हैं। इनमें ‘एलआईसी का न्यू जीवन साथी (सिंगल प्रीमियम)’ और ‘एलआईसी का न्यू जीवन साथी (लिमिटेड प्रीमियम)’ शामिल हैं। ये दोनों योजनाएं 1 जून 2026 से ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगी।
एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर. दोराईस्वामी ने प्रबंध निदेशक आर. चंदर, दिनेश पंत और रत्नाकर पटनायक की मौजूदगी में इन योजनाओं का शुभारंभ किया। एलआईसी ने विवाहित जोड़ों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए दो नए संयुक्त जीवन बीमा उत्पाद पेश किए हैं, जिनमें न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम (प्लान 888) और न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम (प्लान 889) शामिल हैं।
एलआईसी के अनुसार, ये दोनों योजनाएं नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड और व्यक्तिगत बचत योजनाएं हैं, जिन्हें खासतौर पर विवाहित दंपत्तियों के लिए डिजाइन किया गया है। इन योजनाओं में एक ही पॉलिसी के तहत दीर्घकालिक बचत और जीवन सुरक्षा का लाभ मिलेगा। न्यूनतम बीमा राशि तीन लाख रुपये निर्धारित की गई है।
पॉलिसी की प्रमुख शर्तें
इन योजनाओं के लिए न्यूनतम प्रवेश आयु 18 वर्ष तय की गई है। एलआईसी ने इन नई पॉलिसियों में रिटायरमेंट लाभ, आकस्मिक बीमा कवर और मानसिक स्वास्थ्य कवर जैसी सुविधाएं भी शामिल की हैं। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को वित्तीय सुरक्षा के साथ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता भी मिलेगी।
भुगतान और अन्य लाभ
मैच्योरिटी या डेथ बेनिफिट की राशि ग्राहक एकमुश्त लेने के बजाय 5, 10 या 15 वर्षों की किश्तों में भी प्राप्त कर सकते हैं। इन योजनाओं का एक प्रमुख लाभ यह है कि दोनों जीवनसाथियों को एक साथ बीमा सुरक्षा मिलती है। किसी एक जीवनसाथी के साथ अनहोनी होने पर दूसरे को आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
कम प्रीमियम में सुरक्षा
एलआईसी के मुताबिक, इन योजनाओं की प्रीमियम राशि किफायती रखी गई है, ताकि युवा दंपत्तियों को कम खर्च में बेहतर बीमा सुरक्षा मिल सके। कंपनी का कहना है कि यह योजना परिवार की सुरक्षा के साथ भविष्य के लिए पूंजी निर्माण का भी एक अच्छा विकल्प साबित हो सकती है।
अधिक जानकारी के लिए
इन योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। ग्राहक ईमेल ed_cc@licindia.com के माध्यम से या एलआईसी कार्यालय से संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
No Comment! Be the first one.