कोडरमा घाटी में बड़ा हादसा: नवोदय विद्यालय की छात्राओं से भरी बस खाई में गिरी, 20 से अधिक घायल

NEWS SAGA DESK

कोडरमा। राजगीर की ओर शैक्षणिक भ्रमण पर जा रही जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं से भरी बस कोडरमा घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस चालक सहित 20 से अधिक छात्राएं घायल हो गईं।

जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल अमिताभ कुमार ने बताया कि कक्षा 11 की कुल 75 छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण के लिए निकली थीं। कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास बस एक ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। दुर्घटना में 21 छात्राएं और बस चालक घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रिंसिपल ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत हर वर्ष छात्रों को ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर ले जाया जाता है। लेकिन हादसे के बाद इस यात्रा को तत्काल रद्द कर दिया गया है और घायल छात्राओं को छोड़कर सभी बच्चों को विद्यालय वापस भेज दिया गया है।

घायल छात्रा सानिया कुमारी ने बताया कि वे सभी इस भ्रमण को लेकर काफी उत्साहित थीं। लेकिन घाटी में अचानक बस एक ट्रक से टकरा गई और खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आगे चल रही दूसरी बस में मौजूद छात्र और शिक्षक तुरंत पहुंचकर सहायता में जुट गए और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही उपायुक्त ऋतुराज सहित कई अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि कुछ छात्राओं को अधिक चोटें आई हैं, जबकि अधिकांश को हल्की चोटें हैं।

Read More News

Read More