NEWS SAGA DESK
झारखंड के बोकारो जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की नई बस्ती में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतका के पति की पहचान रुपेश यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात रुपेश यादव नशे की हालत में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर रुपेश ने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए बोकारो भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रुपेश आए दिन शराब के नशे में पत्नी से झगड़ा करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
No Comment! Be the first one.