मुर्ग़ा ट्रॉफी: बच्चे के सपने और संघर्ष को समर्पित फिल्म का रांची में भव्य लॉन्च

News Saga Desk
रांची | रांची प्रेस क्लब मंगलवार को तालियों से गूंज उठा, जब हिंदी फीचर फिल्म कंट्रोल एंड क्रिएट के बैनर तले बनी ‘मुर्ग़ा ट्रॉफी’ की टीम ने मीडिया के सामने फिल्म का आधिकारिक परिचय दिया। एक बच्चे के सपने और संघर्ष से जन्मी यह फिल्म समाज की जटिलताओं, भावनाओं और उम्मीदों को बेहद सशक्त तरीके से बयान करती है।

लॉन्च इवेंट में फिल्म के मुख्य अभिनेता और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार व पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कहा कि फिल्म समाज की धड़कनों को पकड़ने वाला सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने झारखंड से अपनी भावनात्मक जुड़ाव को साझा करते हुए बताया कि इस राज्य की मिट्टी से उन्हें हमेशा ऊर्जा मिलती है और राज्य सरकार ने फिल्म निर्माण में पहले की तरह इस बार भी पूरा सहयोग दिया।

निरहुआ ने अपनी भूमिका को बेहद खास बताते हुए कहा कि ‘मुर्ग़ा ट्रॉफी’ एक बच्चे की जिद, उड़ान और असफलता से सफलता तक की प्रेरक यात्रा है, और यह फिल्म दर्शकों को नई सोच और प्रेरणा देगी।

फिल्म के निर्देशक शशि वर्मा ने बताया कि यह फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि उन अनगिनत बच्चों की भावनाओं की आवाज़ है जो अपने सपनों के लिए संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक रंगों ने फिल्म को एक अनोखी पहचान दी है।

‘मुर्ग़ा ट्रॉफी’ अपनी लॉन्चिंग के साथ ही दर्शकों के बीच उत्सुकता और उम्मीदों की नई लहर लेकर आई है।

Read More News

Read More