News Saga Desk
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को 38 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया। इस खबर से राजनीतिक गलियारों से लेकर उनके पैतृक गांव सैफई तक शोक की लहर फैल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है।
फेफड़ों में क्लॉट की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं मिला संदिग्ध संकेत
प्रतीक यादव की अचानक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मौत की वजह फेफड़ों में क्लॉट (Lung Clot) मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भी फेफड़ों से जुड़ी बीमारी का इलाज चल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी संदिग्ध परिस्थिति के संकेत नहीं मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, फेफड़ों में ब्लड क्लॉट की स्थिति बेहद गंभीर और जानलेवा हो सकती है।
सीएम योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि पूर्व मुख्यमंत्री और ‘पद्म विभूषण’ स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।
अखिलेश यादव और सपा ने दी श्रद्धांजलि
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।”
समाजवादी पार्टी के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी श्रद्धांजलि संदेश जारी किया गया, जिसमें लिखा गया, “श्री प्रतीक यादव जी का निधन अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!”
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य ने जताया दुख
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बेहद दुखद समाचार है और ईश्वर परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सैफई से लखनऊ तक शोक का माहौल
प्रतीक यादव के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव सैफई पहुंची, वहां मातम पसर गया। ग्रामीणों और समर्थकों ने उन्हें सरल और मिलनसार व्यक्तित्व वाला इंसान बताया। लखनऊ स्थित आवास पर सुबह से ही नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव सक्रिय राजनीति में भले ही ज्यादा नजर नहीं आते थे, लेकिन पारिवारिक आयोजनों और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी अहम भूमिका रहती थी। फिटनेस के प्रति उनका जुनून और सहज व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है।
No Comment! Be the first one.