रांची में बारिश: आज तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट

NEWS SAGA DESK

रांची में बारिश का दौर जारी है। 1 सितंबर को तेज बारिश, गर्जन-वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा का अलर्ट, चार जिलों में येलो अलर्ट।

झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। रांची में बारिश का दौर सोमवार से जारी है और मंगलवार, 1 सितंबर को भी राजधानी समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी, गंगा के पश्चिमी बंगाल और उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में गरज, वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है।

रांची में बारिश

सोमवार को रांची में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दिनभर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। राजधानी में करीब 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बोकारो में 80 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मंगलवार को भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

आज रांची समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में दिनभर बारिश होने की प्रबल संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ तेज गर्जन और वज्रपात हो सकता है। रांची में बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


इसे भी देखें…बंगाल की खाड़ी का असर! झारखंड में 2-3 दिन तक बारिश का अलर्ट | News Saga

राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर वर्षा होने की संभावना है। बारिश के साथ हवा की गति भी बढ़ सकती है। इससे पेड़ या कमजोर संरचनाओं के गिरने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है, इसलिए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार जिले के महुआडांड़ में सबसे अधिक 171 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

हालांकि, झारखंड के सभी जिलों में बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ जिले अभी भी वर्षा की कमी का सामना कर रहे हैं। बोकारो में सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। देवघर और कोडरमा में 41 प्रतिशत, गढ़वा में 39 प्रतिशत, चतरा में 37 प्रतिशत और गिरिडीह में 35 प्रतिशत बारिश की कमी बताई गई है।

Read More News

Read More