राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, 39 मरीज

NEWS SAGA DESK

रांची में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिले, संख्या 39 पार। जानें स्वाइन फ्लू के लक्षण, गंभीर खतरे, बचाव और स्वास्थ्य विभाग की जरूरी एडवाइजरी।

रांची में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राजधानी में तीन नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें दो छोटे बच्चे शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश स्वस्थ लोगों में संक्रमण हल्का या मध्यम रहता है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों में स्थिति गंभीर हो सकती है।

स्वाइन फ्लू 

रांची में तीन नए मरीजों की पुष्टि

रांची स्थित रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में मंगलवार को चार मरीजों के सैंपल की जांच की गई। इनमें तीन सैंपल में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई। नए संक्रमितों में दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र महज पांच माह और डेढ़ माह बतायी गयी है। दोनों बच्चों को रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर पर इलाज किया जा रहा है।

वहीं, तीसरे संक्रमित मरीज का इलाज रिम्स के सुपरस्पेशियलिटी आईसीयू में चल रहा है। नए मामलों की पुष्टि के बाद अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गयी है।

रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में अब तक 34 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें 11 रिपोर्ट पॉजिटिव आयी हैं। राज्य में अब तक 39 से अधिक स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज सामने आने की जानकारी दी गयी है।

इन गंभीर लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

सांस लेने में परेशानी, सांस फूलना, सीने में दर्द, लगातार तेज बुखार, बहुत ज्यादा कमजोरी और होंठ या चेहरे का नीला पड़ना गंभीर चेतावनी संकेत माने जाते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सहायता की जरूरत हो सकती है।

गंभीर मामलों में संक्रमण निमोनिया, सांस लेने में गंभीर दिक्कत और शरीर में ऑक्सीजन की कमी जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। कुछ मामलों में यह जानलेवा भी हो सकता है। खासकर छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे मरीजों में समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण है।

इसे भी देखें...परिसीमन पर बीजेपी ने कांग्रेस से मांगा जवाब, अब विरोध क्यों? | News Saga

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें फिलहाल हाथ मिलाने से बचने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गयी है।

खांसते या छींकते समय रुमाल अथवा कपड़े से नाक और मुंह ढकना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से बचना और नियमित रूप से हाथ साफ रखना भी जरूरी है। गंदे हाथों से आंख, नाक और मुंह को छूने की आदत संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती है।

Read More News

Read More