NEWS SAGA DESK
मुंबई : फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब सलमान खान दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश में जुट गए हैं। खबरों के अनुसार, रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने के बाद मामला लगातार बढ़ता गया और अब कानूनी विवाद तक पहुंच चुका है। ऐसे में सलमान खान ने रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों से बातचीत शुरू की है और उन्हें आपसी मतभेद खत्म करने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि सलमान का मानना है कि यह सिर्फ दोनों कलाकारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बेहतर होगा।
खबरों के मुताबिक, रणवीर सिंह फिल्म ‘डॉन 3’ को ज्यादा गंभीर और अलग अंदाज में पेश करना चाहते थे, जबकि निर्देशक फरहान अख्तर की सोच इससे अलग थी। रचनात्मक मतभेद बढ़ने के बाद रणवीर ने खुद को फिल्म से अलग कर लिया। इसके बाद फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने कथित तौर पर रणवीर सिंह से 45 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की। मामला यहीं नहीं रुका और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी रणवीर के खिलाफ असहयोग का आदेश जारी कर दिया।
हालांकि रणवीर सिंह की टीम का कहना है कि वे इस मामले को निजी स्तर पर सुलझाना चाहते हैं, लेकिन विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। फिल्म इंडस्ट्री के भीतर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या सलमान खान की कोशिशों से रणवीर और फरहान के बीच का विवाद खत्म हो पाता है या नहीं।
No Comment! Be the first one.