खूंटी सड़क हादसे पर एक की परिवार के सात लोगों की मौत, पीएम मोदी और सीएम हेमंत ने जताया दुख

झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई

NEWS SAGA DESK

झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक का ऐसा कहर देखने को मिला, जिसमें एक ही परिवार के सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में 11 महीने का मासूम बच्चा और 19 वर्षीय युवती भी शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक जताया है।

यह हादसा रात करीब 9:30 बजे कर्रा थाना क्षेत्र के जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, तोरपा की तरफ से आ रहा 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पुलिया को तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दो घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा ले जाया गया। वहीं, अन्य घायलों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

PM मोदी और CM हेमंत ने जताया दुख

खूंटी की इस दर्दनाक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सात लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Read More News

Read More