झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। धुर्वा थाना क्षेत्र में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
NEWS SAGA DESK
झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। धुर्वा थाना क्षेत्र में एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक की हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पत्थर से सिर कुचलने के साथ तेजधार हथियार से भी वार किया है।
जानकारी के अनुसार, धुर्वा थाना क्षेत्र के डैम साइड इलाके में संत जेवियर स्कूल के पीछे युवक का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि युवक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों और हमले की प्रकृति को लेकर अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की जांच और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर मामले की पड़ताल कर सकती है।
No Comment! Be the first one.