दुमका में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के चार सदस्य मृत, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज़सागा डेस्क

झारखंड | दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में रविवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान बीरेंद्र कुमार (32), उनकी पत्नी आरती कुमारी (27), पुत्र विराज कुमार (02) और पुत्री रूही कुमारी (04) के रूप में की गई है।

पुलिस के अनुसार आरती और दोनों बच्चों के शव घर के अंदर से बरामद हुए, जबकि बीरेंद्र का शव घर से थोड़ी दूरी पर एक खेत में मिला। बीरेंद्र के गले पर रस्सी के निशान पाए जाने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बीरेंद्र, जो मछली बेचने का काम करता था, शुक्रवार को ही पत्नी को मायके से वापस घर लाया था। रविवार सुबह जब परिजनों ने देखा तो घर के भीतर मां और बच्चे मृत पड़े थे, जिसके बाद खोजबीन में कुछ दूरी पर खेत में बीरेंद्र का शव मिला।

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने चारों शव मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह हत्या है या कोई अन्य घटना, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी।

Read More News

Read More