सपा नेता टिकट की राजनीति में लगा रहे बेबुनियाद आरोप, जनता देगी जवाब : अभिजीत सिंह सांगा

NEWS SAGA DESK

कानपुर :- बिठूर विधानसभा से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा है कि चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी के नेता टिकट की राजनीति में बौखलाकर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिठूर की जनता पिछले साढ़े नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनसेवा को देख रही है तथा विपक्ष के आरोपों का जवाब जनता स्वयं देगी।

रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांगा ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि किसके कार्यकाल में क्षेत्र में क्या विकास कार्य हुए और किस सरकार ने जनहित को प्राथमिकता दी।

भाजपा विधायक ने कहा कि बिठूर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए गए हैं। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और जनकल्याण उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के कारण विपक्ष मुद्दाविहीन हो गया है और व्यक्तिगत आरोपों का सहारा ले रहा है।

सांगा ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी के कुछ नेता टिकट की दौड़ में सक्रिय हो जाते हैं और सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मुनींद्र शुक्ला जनता के बीच जाकर अपनी स्वीकार्यता का आकलन कर लें, उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2013 में अवैध खनन से जुड़े मामलों में मुनींद्र शुक्ला के भतीजे का नाम सामने आया था। ऐसे में दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और किसी के कहने मात्र से उसकी राय नहीं बदलने वाली।

भाजपा विधायक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और कानून-व्यवस्था के आधार पर सरकार का मूल्यांकन कर रही है और इसका प्रभाव आगामी चुनावों में भी दिखाई देगा।

अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि लोकतंत्र में आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय जनता ही करती है। बिठूर में हुए विकास कार्य और जनता का विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा जवाब है।

Read More News

मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में योगासन कार्यक्रम आयोजित, योग को बताया भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर धुर्वा स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र, शालीमार में योगाभ्यास...

Read More