News Saga Desk
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सियासी पारा चरम पर है और कई इलाकों में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट के कालीघाट इलाके में मतदान के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ।
भवानीपुर में वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। निरीक्षण के लिए पहुंचे शुभेंदु अधिकारी को टीएमसी समर्थकों ने घेर लिया और ‘जय बंगाल’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए, जिससे माहौल और गरमा गया।
घटना के बाद नाराज शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद लोग वास्तविक मतदाता नहीं, बल्कि बाहरी हैं। उन्होंने कहा कि उन पर हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने तुरंत सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए सीआरपीएफ बुलाने की अपील की और कहा कि फोर्स आने तक वह मौके से नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थकों द्वारा किया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रह सके।
वहीं टीएमसी नेता काजोरी बनर्जी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से वोट देने पहुंचे थे। उनके मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने ही वहां आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और बेबुनियाद आरोप लगाए।
No Comment! Be the first one.