चतरा में लाखों की चोरी: दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर, तीन बाइक छोड़कर फरार

NEWS SAGA DESK

चतरा। झारखंड के चतरा जिले के नगवां मुहल्ला में मंगलवार तड़के चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने नंदलाल यादव के घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसते हुए करीब 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 8 लाख रुपये नकद और लगभग 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के दौरान जब घर के सदस्य अचानक लौटे, तो चोर घबरा गए और अपनी तीन बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। पीड़ित नंदलाल यादव के पुत्र छोटू कुमार ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बरामद की गई तीनों बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक मनीष कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Read More News

Read More