दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं से लेकर मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा तक, हर पहलू पर विशेष तैयारी की जा रही है।
NEWS SAGA DESK
दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं से लेकर मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा तक, हर पहलू पर विशेष तैयारी की जा रही है। डीएम कुंदन कुमार ने पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट रहने और सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने दीपावली की रात 10 बजे के बाद पटाखों के इस्तेमाल पर यथासंभव रोक लगाने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कराने को कहा है। इसके अलावा सार्वजनिक रूप से मूर्ति स्थापित करने वाले आयोजकों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए मूर्ति स्थापना की अनुमति नहीं होगी।
आग की घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड अलर्ट
दीपावली के दौरान पटाखों और दीयों के कारण आग लगने की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए अग्निशमन विभाग को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को अग्निशमन वाहनों और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अस्पतालों में तैयार रहेंगे डॉक्टर और बर्न वार्ड
त्योहार के दौरान पटाखों से झुलसने या अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। डीएम ने सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता, जरूरी दवाओं और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है। खास तौर पर बर्न वार्ड को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया है। सिविल सर्जन और डीपीएम हेल्थ को निर्देश दिया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके और चिकित्सकों की कमी न हो।
मूर्ति विसर्जन जुलूस पर पुलिस की रहेगी पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने भी पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के जुलूस निर्धारित रास्तों से ही निकाले जाएंगे। पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जा सके। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की अपील, नियमों का करें पालन
दीपावली के दौरान पटाखों के इस्तेमाल, मूर्ति स्थापना और विसर्जन को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखने के साथ पुलिस को भी लगातार गश्त और निगरानी करने को कहा गया है। प्रशासन का प्रयास है कि दीपों का यह त्योहार किसी भी अप्रिय घटना के बिना शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।
No Comment! Be the first one.