पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा का आरोप: टीएमसी ने बीजेपी समर्थकों पर लगाया ‘बुलडोजर एक्शन’ का आरोप

News Saga Desk

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। Mamata Banerjee की अगुवाई वाली टीएमसी ने आरोप लगाया है कि हाल ही में बड़ी जीत हासिल करने वाली बीजेपी के समर्थक ‘बुलडोजर एक्शन’ कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर राज्य की सियासत और ज्यादा गरमा गई है।

टीएमसी ने मंगलवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया। पार्टी का दावा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने New Market इलाके में बुलडोजर से तोड़फोड़ की और टीएमसी के पार्टी दफ्तर को भी निशाना बनाया।

वीडियो में एक बुलडोजर के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। बुलडोजर एक दुकान को तोड़ता नजर आता है। इस दौरान लोग जोर-जोर से नारे लगा रहे हैं, म्यूजिक बज रहा है और पूरे इलाके में शोर-शराबे का माहौल देखा जा सकता है।

टीएमसी ने क्या कहा?

टीएमसी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव से पहले बीजेपी ‘भय खत्म, भरोसा शुरू’ की बात कर रही थी, लेकिन अब हालात उलट हो गए हैं—भरोसा खत्म और बुलडोजर शुरू। पार्टी का आरोप है कि न्यू मार्केट इलाके में बीजेपी समर्थकों की भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की, दुकानों को नुकसान पहुंचाया और पार्टी कार्यालय पर भी हमला किया।

टीएमसी ने इसे खुली गुंडागर्दी करार देते हुए कहा कि यही वह “परिवर्तन” है, जिसकी बात बीजेपी कर रही थी। पार्टी ने सीधे तौर पर यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने अपने कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे दी है, जिससे वे सड़कों पर मनमानी कर रहे हैं।

इसके साथ ही टीएमसी ने केंद्रीय बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि केंद्रीय बलों को सिर्फ मूकदर्शक बने रहने को कहा गया, जिसके कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं . फिलहाल, इस मामले पर बीजेपी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Read More News

Read More