पाकुड़ : बालू की कमी को लेकर ट्रैक्टर यूनियन का सड़क जाम, पीएम आवास योजना के लाभार्थी सबसे ज्यादा प्रभावित

News Saga Desk

पाकुड़ | पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड में सोमवार को ट्रैक्टर यूनियन ने बालू उठाव बहाल करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। बाबूपुर के पास महेशपुर–पाकुड़ मुख्य मार्ग पर लगाए गए इस जाम ने चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रखी। प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

यूनियन सदस्यों का कहना है कि बालू की उपलब्धता न होने से सरकारी और निजी निर्माण कार्य ठप पड़ गए हैं। सबसे अधिक प्रभावित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी हैं, जिन्होंने पुराने मकान तोड़कर नया निर्माण शुरू किया था, लेकिन बालू न मिलने के कारण काम बीच में ही रुक गया।

यूनियन ने बताया कि जून से 15 अक्टूबर तक एनजीटी के आदेश पर बालू उठाव बंद था। 15 अक्टूबर के बाद उठाव शुरू हुआ, लेकिन अचानक फिर रोक लगने से विकास कार्य और आम लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बालू उठाव जल्द शुरू कराया जाए ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरे हो सकें और लोगों को ठंड के मौसम में परेशानी न हो।

सूचना मिलते ही सीओ संजय कुमार सिन्हा, एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी रवि शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। चार घंटे चले इस जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Read More News

Read More