कदमा टोल ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से कपाली के युवक की मौत

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित टोल ब्रिज के पास शनिवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में कपाली निवासी 25 वर्षीय अनवर उल हक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर पीछे बैठे युवक फरीद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल फरीद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

परिजनों में मचा कोहराम

अनवर उल हक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अनवर पुट्टी मिस्त्री का काम करता था और घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। शनिवार की रात वह दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था।

तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

परिजनों के अनुसार, देर रात टोल ब्रिज के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने अनवर उल हक को मृत घोषित कर दिया, जबकि फरीद का इलाज जारी है।

रविवार को हुआ पोस्टमार्टम

रविवार को पुलिस ने अनवर उल हक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। देर रात तक युवक के घर न लौटने और फोन बंद मिलने पर परिवार को चिंता हुई थी। रविवार सुबह पुलिस से मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

कदमा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया है। उसकी पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Read More News

Read More